गोधन न्याय योजना का किया गया प्रथम भुगतान, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की ग्रामीणों से संवाद, सुकमा जिला गोधन न्याय योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री ने की सराहना


(रोहित साहू) सुकमा:- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के तहत गोबर संग्राहकों को पहली बार भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री श्री मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के ग्रामीणों से बातचीत की और योजना के संबंध में लोगों के विचार जाने। उन्होंने इस योजना को गोठान समितियों और महिला स्व सहायता समूहों तथा चरवाहों से बातचीत की।

 उनके साथ इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टीएस सिंहदेव, कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चैबे, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री शिव डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया सहित मंत्रीपरिषद के अन्य सदस्य, संसदीय सचिव वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सुकमा जिले के ग्राम पंचायत चिपुरपाल के गोबर विक्रेता श्री बुधराम तथा श्रीमती माहेश्वरी से बातचीत की। हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान गोधन न्याय योजना से मिल रहे लाभ के बारे में बताया। श्री बुधराम ने बताया कि उन्होंने 153 किलो गोबर विक्रय किया जिसके तहत उन्हें 306 रुपए का अतिरिक्त आय हुई है, उन्होंने इस योजना को गांव के चरवाहों के लिए लाभदायक बताते हुए कहा कि इस योजना से अब चरवाहों को अधिक पारिश्रमिक मिल पाएगा।

 श्रीमती माहेश्वरी ने 85 किलो गोबर का विक्रय कर 170 रुपए का लाभ कमाया और कहा कि इस योजना से महिलाओं को भी आर्थिक मदद मिल रही है। हितग्राहियों ने इस योजना को किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना का बस्तर संभाग में सबसे बेहतर क्रियान्वयन करने के लिए सुकमा जिले की प्रशंसा की।   उल्लेखनीय है कि गोधन न्याय योजना के अन्तर्गत सुकमा जिले में संचालित 85 गोठानों में 1693 पशुपालकों से 1,095 क्विंटल से भी अधिक गोबर खरीदा गया है। 


मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने गोठानों को रोजगार ठउर के रुप में विकसित करने पर भी जोर दिया जहां ग्रामीण महिलाओं द्वारा विभिन्न आजिविकामूलक कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोधन न्याय योजना से गोठानो के निर्माण में तेजी आई है और आगे चलकर हर गांव में गोठान बनाए जाएंगे। उन्होंने गोधन न्याय योजना के तहत खरीदे गए गोबर को खाद बनाने के लिए आवश्यक मात्रा में वर्मी टांका का निर्माण करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजना का शुभारंभ भी किया, जिसे शहीद महेंद्र कर्मा के नाम पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के सामाजिक सुरक्षा के लिए संचालित यह योजना वनवासियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्षशील रहे बस्तर टाईगर श्री महेन्द्र कर्मा के नाम से संचालित की जाएगी।
   इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हरीश कवासी, कलेक्टर श्री चंदन कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नूतन कुमार कंवर, सहित ग्राम पंचायत चिपुरपाल के सरपंच, ग्रामीण तथा अधिकारी गण उपस्थित थे।

Comments

Popular posts from this blog

कलेक्टर ने की समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा विधानसभा सत्र के प्रश्नों का उत्तर देने करें नोडल अधिकारी की नियुक्ति

विधायक अनूप नाग और कांकेर कलेक्टर के एल चौहान ने किया निरीक्षण

वेतन वृद्धि रोकने संबंधी आदेश वापस लेने एवं पुरानी पेंशन बहाली हेतु सौंपा ज्ञापन।