कोरोना टेस्ट में लाएं तेजी, समय-सीमा बैठक में कलेक्टर चंदन कुमार ने दिए निर्देश, बैठक में कलेक्टर ने अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों में लोगों की कोरोना जांच के भी दिए निर्देश।
(रोहित साहू) सुकमा:- कलेक्टर श्री चंदन कुमार ने कोरोना टेस्ट में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंगलवार को आयोजित समय सीमा बैठक में कलेक्टर ने अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों में लोगों की कोरोना जांच के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पान ठेला, सब्जी दुकान सहित अन्य दुकानों में लोगों की आवाजाही अधिक होती है। ऐसे स्थानों में कोरोना के फैलने की आशंका सबसे अधिक होती है, इसलिए लोगों के सुरक्षा के लिए इन स्थानों में दुकान संचालकों की कोरोना जांच आवश्यक है।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक लोगों का स्वास्थ परीक्षण कर उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हाट बाजार में मलेरिया जांच, टीबी जांच, मधुमेह और रक्तचाप जांच सहित गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण और बच्चों का टीकाकरण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी को मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नागारास के बालक छात्रावास में चल रहे मरम्मत कार्य की खराब गुणवत्ता पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को स्वयं स्थल में जाकर जांच करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के तहत किसानों की जानकारी पोर्टल में एंट्री कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए। समय सीमा बैठक में अपर कलेक्टर श्री ओपी कोसरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Comments
Post a Comment
Thank You